कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी के बारें में

cgpilogo.pngचुनावी मशीन नहीं, बल्कि मज़दूर वर्ग और तमाम उत्पीड़ित लोगों की हुकूमत कायम करने का साधन

 

25 दिसंबर 1980 में स्थापित हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी, ऐसे कम्युनिस्टों का संगठित दस्ता है, जिन्होंने अपना जीवन हिन्दोस्तान की मुक्ति और दुनियाभर के मज़दूरों की मुक्ति के लिए समर्पित किया है।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी के दरवाजे उन सभी के लिए खुले हैं, जो इंकलाब को अपने जिन्दगी का मकसद बनाना चाहते हैं – जो पार्टी के कार्यक्रम को लागू करने, पार्टी के संगठन में काम करने और मासिक योगदान देने को राज़ी हैं।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी सभी हिन्दोस्तानी कम्युनिस्टों की एकता पुनर्स्थापित करने के लिए वचनबद्ध है।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी वर्ग संघर्ष को अगुवाई देने और इंसान द्वारा इंसान के शोषण को खत्म करने के लिए आत्मगत हालात तैयार करने, हिन्दोस्तान की सरजमी पर इंकलाब और कम्युनिस्म की जीत के लिए, सभी कम्युनिस्टों की एकता बनाने के लिए काम करती है, फिर वे कम्युनिस्ट चाहे जिस किसी पार्टी से जुड़े हों।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी सोशल-डेमोक्रेसी और ऐसे हर विचार के साथ समझौते का सख़्त विरोध करती है, जो पूंजीवाद और समाजवाद के बीच किसी “मध्य मार्ग” की हिमायत करता है।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी हिन्दोस्तानी राज्य व हिन्दोस्तानी संघ के बारे में तमाम भ्रामक प्रचारों का सख़्त विरोध करती है। हिन्दोस्तानी राज्य न तो जनतांत्रिक है और न ही पक्ष-निरपेक्ष, बल्कि बस्तिवादी विरासत का गढ़ है, और पूंजीवादी-सामंतवादी शोषण और साम्राज्यवादी लूट का साधन है।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी उन सभी का सख़्त विरोध करती है जो “राष्ट्रीय एकता और क्षेत्रीय अखंडता” की हिफ़ाज़त के नाम पर राजकीय आतंकवाद को जायज ठहराते हैं।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी खुद अपने लिए राजनीतिक सत्ता हासिल नहीं करना चाहती है। वह मज़दूर वर्ग और तमाम उत्पीड़ित लोगों के हाथों में राजनितिक सत्ता स्थापित करने के लक्ष्य से संगठित की गयी है।

पार्टी के सभी सदस्य पार्टी के सर्वोच्च निकाय, पार्टी महाधिवेशन, में उसकी लाइन और कार्य तय करते हैं। महाधिवेशन, पार्टी के अगले महाधिवेशन तक, तय की गयी लाइन और कार्यों को लागू करने के लिए केंद्रीय समिति का चुनाव करता है।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी की बुनियाद फैक्ट्रियों, कार्य स्थलों, मोहल्लों, चालों, गांवों और कॉलेज कैंपसों में बनाये गए बुनियादी संगठन है – जो वर्ग संघर्ष के बुनयादी साधन है।

पार्टी के संगठन हर एक स्तर पर संघर्ष को अगुवाई प्रदान करते हैं। पार्टी के कार्य सामूहिक फैसले और व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी के मूल सिद्धांत पर चलाये जाते हैं।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी हिन्दोस्तानी क्रांतिकारी सिद्धांत को विकसित करने के लिए वचनबद्ध है; वह सिद्धांत जो हिन्दोस्तान के हालातों से उभर कर आता है और हिन्दोस्तान की धरती पर कम्युनिस्म के विकास के लिए अनुकूल है। हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी सभी कम्युनिस्टों और सूझवान लोगों को आमंत्रित करती है, कि वे हिन्दोस्तान की समृद्ध विचार सामग्री और वर्त्तमान से शुरू करते हुए मज़दूर वर्ग आंदोलन के अनुभव के सार के आधार पर, इस सिद्धांत को विकसित करने के कार्य में अपना योगदान दें।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी का कार्य मार्क्सवाद-लेनिनवाद की सैद्धांति विचारधारा पर आधारित है और समकालीन मार्क्सवाद-लेनिनवाद विचारधारा से मार्गदर्शित है।

समकालीन मार्क्सवादी-लेनिनवादी विचारधारा, समाजवादी क्रांति तथा समाजवाद के निर्माण की हालतों पर और आधुनिक संशोधनवाद व पूंजीवाद की पुनः स्थापना के खिलाफ़ संघर्ष पर, मार्क्सवाद-लेनिनवाद को लागू करने के अनुभव का सारांश है। यह आधुनिक संशोधनवाद व पूंजीवाद की पुनार्स्थापना, फासीवाद, सैन्यवाद तथा साम्राज्यवाद के खिलाफ़ संघर्ष, और साथ ही साथ मध्य-युगवाद को खत्म करने के लोगों के संघर्ष पर मार्क्सवाद-लेनिनवाद को लागू करने के अनुभव का भी सारांश है। समकालीन मार्क्सवादी-लेनिनवादी विचारधारा, वर्तमान हालतों के अंतर्गत मार्क्सवाद-लेनिनवाद का अंतिम रूप नहीं है, बल्कि उसकी निरंतरता तथा समृद्धि है।

हिन्दोस्तान की कम्युनिस्ट ग़दर पार्टी सभी कम्युनिस्टों और प्रगतिशील ताक़तों से, यथास्थिति का विरोध करने वालों से और बुनियादी परिवर्तन की चाह रखने वालों से आह्वान करती है कि वे अर्थव्यवस्था की दिशा को बदलने, लोगों के हाथों में सत्ता लाने और हिन्दोस्तान के जनतांत्रिक नवनिर्माण के, फौरी कार्यक्रम को अपनाये और उसे लागू करें।

हमारे लोगों और हमारी प्राचीन सभ्यता के भविष्य से सरोकार रखने वालो, आगे आओ! आओ, हम सब मिलकर समाज की मुक्ति और बुनियादी परिवर्तन के झंडे को बुलंद करें! आओ, हम सब मिलकर इस लड़ाकू कार्यक्रम के इर्द-गिर्द एक क्रांतिकारी संयुक्त मोर्चे का निर्माण करें।

क्रांति हमारा अधिकार है, और हमारा फ़र्ज़ भी है। हिन्दोस्तान के नवनिर्माण का संघर्ष हमारा फौरी कार्यक्रम है! आओ हम सब एकजुट होकर इस कार्य को उठायें ताकि इस संकट का अंत किया जा सके और समाज की तरक्की का रास्ता खोला जा सके!

Share and Enjoy !

Shares