पूरे अमरीका में होटल मज़दूर हड़ताल पर

US_hotel_workers_strikeअमरीका की कुछ सबसे बड़ी होटल श्रृंखलाओं में दसियों हजार होटल मज़दूर बेहतर वेतन और काम की बेहतर शर्तों की मांग को लेकर 1 सितंबर 2024 को एक प्रमुख छुट्टी के दौरान तीन-दिवसीय हड़ताल पर उतरे। मज़दूरों ने देश के पूर्व से पश्चिम तक नौ शहरों में काम बंद रखा, जिनमें बोस्टन, होनोलुलु, सैन फ्रांसिस्को, सैन डिएगो और सिएटल शामिल हैं। हड़ताल तब शुरू हुई जब हिल्टन, हयात और मैरियट होटल श्रृंखलाओं के प्रबंधन, होटल मज़दूरों का प्रतिनिधित्व करने वाले यूनाइट हियर यूनियन के साथ वेतन अनुबंध वार्ता असफल रही।

US_hotel_workers_strikeहोटल मज़दूर वेतन और काम की परिस्थिति के मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं। वे अपने परिवारों का भरण-पोषण करने के लिए पर्याप्त कमाई नहीं कर पा रहे हैं। कई मज़दूर अब उन शहरों में रहने का जोखि़म नहीं उठा सकते हैं जिनमें वे काम करते हैं। उन्हें हर साल बढ़ते किराए और जीवन यापन की बढ़ते ख़र्च का सामना करना पड़ता है। वे अपने परिवार के लिये जरूरी वस्तुएं नहीं ख़रीद पा रहे हैं। वे स्पष्ट रूप से देख रहे हैं कि अर्थव्यवस्था उनके हित में नहीं चल रही है बल्कि रीयल एस्टेट के विशाल होटल श्रंखलाओं के पूंजीपति मालिकों के हित में चल रही है।

हजारों प्रदर्शनकारी मज़दूर – जिनमें अतिथि-प्रबंधक, रसोइये और हाउस कीपिंग के मज़दूर  शामिल थे – उन्होंने तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर नारा लिखा था ”एक काम ही काफी होना चाहिए“। अधिकतर मज़दूरों को अपने परिवार का पेट पालने के लिए दो नहीं तो तीन काम संभालना पड़ते हैं और हफ़्ते में 70 घंटे से ज्यादा काम करने को मजबूर हैं।

US_hotel_workers_strikeयूनियन मांग कर रही है कि कोविड महामारी के दौरान जो पद खाली किये गये थे वे भरे जाएं। यूनियन ने बताया है कि यात्रा और होटल उद्योग महामारी से उबर चुके हैं, लेकिन मज़दूरों के वेतन और काम के घंटे इस परिस्थिति को नहीं दर्शाते हैं। जबकि होटल के कमरों के लिए ज्यादा से ज्यादा क़ीमत वसूली जा रही है, 2019 में मज़दूरों के वेतन में की गई लगभग 15 प्रतिशत की कटौती अभी भी बनी हुई है। कम वेतन के अलावा मज़दूरों को लंबे घंटे और ज्यादा काम करना पड़ता है।

इस देशव्यापी हड़ताल के पहले, 2023 में 4 जुलाई की छुट्टी के दौरान कैलिफोर्निया के 65 होटलों में हड़ताल हुई थी। मज़दूर कुछ दिनों बाद काम पर लौट आए, लेकिन उसके बाद के महीनों में उन्होंने एक के बाद एक कई बार हड़तालें कीं। वे इस साल अप्रैल से नए वेतन अनुबंधों की मांग कर रहे हैं और उन्होंने विशाल होटल श्रृंखलाओं को अपनी मांगों को पूरा करने के लिए अपनी हड़ताल फिर से शुरू करने का फ़ैसला किया।

मज़दूरों ने घोषणा की है कि वे नए वेतन समझौते पर पहुंचने तक अपनी हड़ताल जारी रखेंगे। हड़ताल दूसरे शहरों में भी फैल गई है, और सैकड़ों मज़दूर 5 सितंबर से अनिश्चित काल के लिए हड़ताल पर हैं। यूनियन की कोशिश है कि हड़ताल को अन्य शहरों तक फैलायें।

Share and Enjoy !

Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *